जिला अध्यक्ष बनने के बाद अभिषेक शर्मा ने एक विशेष साक्षात्कार में कहा कि पार्टी के एक छोटे से कार्यकर्ता पर इतना भरोसा जताने के लिए वे शीर्ष नेतृत्व और पार्टी संगठन के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि उनके सभी कार्यकर्ता 2027 के चुनावों की तैयारी में जुट जाएंगे और 2022 की तरह ही 2027 में भी सभी विधानसभा सीटें जीतेंगे।
अभिषेक शर्मा ने अपनी प्राथमिकताओं के बारे में बात करते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर चलेंगे और हर कार्यकर्ता को पार्टी से जोड़ेंगे। उनका मुख्य लक्ष्य पार्टी को मजबूत करना और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को भाजपा परिवार में शामिल करना है।
जातिवाद के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि भाजपा कभी भी जाति की राजनीति नहीं करती है। उन्होंने कहा, “मैं किसी एक जाति का जिला अध्यक्ष नहीं हूँ, मैं भारतीय जनता पार्टी का अध्यक्ष हूँ। पार्टी जिस पर विश्वास करती है, उसे ही अध्यक्ष बनाती है। इस बार मुझे यह जिम्मेदारी मिली है, अगली बार किसी और को मिलेगी।”
अभिषेक शर्मा ने पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने का वादा किया और कहा कि वे पार्टी द्वारा सौंपे गए हर कार्य को कुशलतापूर्वक पूरा करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी गौतम बुद्ध नगर में नई ऊंचाइयों को छुएगी और 2027 के चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।